जैतपुर अंबेडकर नगर। भियांव ग्राम सभा के जल्दीपुर गांव के पास शारदा नहर की पटरी से पानी ऊपर निकलकर सड़क पर लगातार बह रहा है। नहर में तेज बहाव के चलते पटरी के कटने की आशंका बढ़ गई है। इसे लेकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, किसान अपनी फसलों को लेकर भी चिंतित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर का पानी लगातार इसी तरह सड़क पर बहता रहा तो पटरी कमजोर होकर कभी भी कट सकती है। इससे आसपास के खेतों में पानी भरने के साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में भी जलभराव और भारी नुकसान की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीण राम अजोर, पवन, कर्मराज, रामज्ञा, विवेक, उमंग साहनी, सालिकराम, सीताराम, अरविंद सिंह और छेदी सिंह आदि ने बताया कि नहर की पटरी से पानी निकलने की समस्या को लेकर चिंता बनी हुई है। यदि समय रहते पानी के बहाव को नियंत्रित नहीं किया गया और पटरी को मजबूत नहीं कराया गया तो बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों ने नहर विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थल पर निरीक्षण किया।