◆ जलालपुर ब्लॉक में ग्राम प्रधानों संग हुई बैठक, जागरूकता और त्वरित राहत पर जोर
जलालपुर, अंबेडकर नगर। आने वाली प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा जनहानि व धनहानि को कम करने के उद्देश्य से जलालपुर ब्लॉक सभागार में उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर आपदा वालंटियर चिन्हित कर उन्हें प्रशिक्षित एवं जागरूक करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास अधिकारी दिनेश राम ने कहा कि बाढ़, आंधी, आगजनी, सड़क दुर्घटना, विद्युत हादसे तथा अन्य मानवीय आपदाओं के समय गांव स्तर पर तत्काल सहायता उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे, जो आपदा की स्थिति में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करेंगे।
उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि आपदा के समय प्रारंभिक कुछ घंटे सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि गांव स्तर पर प्रशिक्षित वालंटियर उपलब्ध रहेंगे तो समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रशासन को त्वरित सूचना देने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने ग्राम प्रधानों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
बैठक में ग्राम प्रधानों एवं प्रतिनिधियों से वालंटियर नियुक्ति के संबंध में सहमति भी मांगी गई, जिस पर अधिकांश प्रधानों ने सकारात्मक समर्थन जताया। अधिकारियों ने बताया कि चयनित वालंटियरों को समय-समय पर प्रशिक्षण और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पवन कुमार, अरुण उपाध्याय, कृपा शंकर मौर्य, सुमित सिंह, दिनेश राजभर, राकेश कुमार यादव, रामकरण यादव, रंजीत केसरी, राजेश कुमार वर्मा, अमित कुमार गोंड सहित दर्जनों ग्राम प्रधान एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।