Monday, August 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरध्रुव गुप्ता की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, शव रखकर...

ध्रुव गुप्ता की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, शव रखकर लगाया जाम


जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के नगपुर में मारपीट के बाद युवक ध्रुव गुप्ता की मौत से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीण सोमवार शाम शव गांव पहुंचते ही सड़क पर उतर आए। नगपुर खास स्थित पंचायत भवन के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह, कोतवाल जलालपुर और थानाध्यक्ष जैतपुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों और स्वजन को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, और आरोपितों के विरुद्ध बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मुख्य मार्ग से शव हटवाकर जाम समाप्त कराया। हालांकि, इसके बाद भी स्वजन का आक्रोश शांत नहीं हुआ। परिजनों ने शव को अपने घर के सामने रख दिया और देर शाम तक अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

स्वजन का कहना था कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दिन डूबने के बाद शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाता। स्वजन ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगाएंगे।

घटना को लेकर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्वजन को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर शाम तक स्वजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments