Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जमीन विवाद में पुलिस टीम से हाथापाई का वीडियो वायरल

जमीन विवाद में पुलिस टीम से हाथापाई का वीडियो वायरल

0
ayodhya samachar

आलापुर अम्बेडकर नगर। थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के सगहापुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पहुंचे पुलिस बल को महिलाओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर महिलाओं ने न सिर्फ नारेबाजी की बल्कि थानाध्यक्ष के साथ हाथापाई भी कर डाली। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सगहापुर गांव में नागेंद्र मिश्रा और राकेश मिश्रा के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को जब नागेंद्र मिश्रा अपने कथित हिस्से की जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

पुलिस के पहुंचते ही विवाद और बढ़ गया। महिलाओं ने पुलिस टीम पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और महिलाओं ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों और महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं। माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए एक पक्ष से मनीष मिश्रा और अवनीश मिश्रा तथा दूसरे पक्ष से राकेश मिश्रा को हिरासत में ले लिया।

घटना के संबंध में नागेंद्र मिश्रा का आरोप है कि वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर वैध निर्माण करवा रहे थे, लेकिन पुलिस दूसरे पक्ष के दबाव में आकर बिना जांच के काम रुकवाने और परिजनों को थाने ले जाने पर आमादा थी, जिसका महिलाओं ने विरोध किया। इसी दौरान झड़प की नौबत आ गई।

वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद है। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन अचानक कुछ महिलाओं ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोगों में चर्चा का बाजार गर्म है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version