अंबेडकरनगर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, वायरल वीडियो में एक महिला अपने बच्चे का हवाला देकर, पति को बचाने की गुहार लगा रही है।
बताया जा रहा है कि शनिवार की देर रात टांडा रोड स्थित रगड़ गंज के पास हाजी हाउस में यह घटना हुई। यहां सूचना विभाग का कर्मचारी पुष्पेन्द्र किराए के कमरे में रहता है और उसी भवन में सिपाही का भी कमरा है। किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ी कि सिपाही और उसके साथी मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान पुष्पेन्द्र की पत्नी लगातार गिड़गिड़ाती रही और बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन सिपाही ने एक न सुनी। घायल पुष्पेन्द्र को जिला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में भर्ती कराया गया है।
मामला सामने आने के बाद अकबरपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास पाण्डेय जिला अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारी से पूछताछ की। उधर, क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बीती रात पुष्पेन्द्र शराब के नशे में अपने बगल के कमरे में रहने वाले अंबुज के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान उसने सिपाही के कमरे की जाली तोड़ दी थी। वहीं, हाजी हाउस के केयरटेकर शोएब ने पुष्पेन्द्र को कमरे में करने का प्रयास किया गया था। शोएब ने पुष्पेन्द्र के खिलाफ तहरीर भी दी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब वायरल वीडियो में पुष्पेन्द्र की पत्नी चीख-चीखकर बचाने की गुहार लगा रही है, तो फिर कार्रवाई उसकी फरियाद पर क्यों नहीं हुई?