अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर) चारू चौधरी ने बुधवार को अयोध्या दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया तथा महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत सर्किट हाउस आगमन से हुई। इसके बाद उन्होंने झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, हांसापुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। यहां छात्राओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
इसके उपरांत उपाध्यक्ष ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जन्मी 12 नवजात बालिकाओं के परिवारों को बेबी किट वितरित की। उन्होंने नवजात बालिकाओं के स्वास्थ्य और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
सर्किट हाउस में आयोजित महिला चौपाल कार्यक्रम के दौरान चारू चौधरी ने महिलाओं और पीड़िताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को न्याय और सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान उन्होंने राजकीय महिला शरणालय और वृद्धा आश्रम का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महिला चौपाल में जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड लाइन, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।