◆ परिजनों ने आईसीयू में बिजली और मेडिकल स्टाफ न होने का लगाया आरोप, अस्पताल ने सीसीटीवी के आधार पर दावों को बताया गलत
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के मउशिवाला चौकी अंतर्गत स्थित एक अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आईसीयू में भर्ती महिला के दौरान बिजली चली गई थी और मेडिकल स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल सका और उनकी मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों का खंडन किया है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कैल कजियाना निवासी 65 वर्षीय चन्द्रावती का 22 जुलाई को झुनझुनवाला अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार-शुक्रवार की रात आईसीयू की लाइट चली गई थी। उनका कहना है कि सुबह करीब चार बजे जब वे आईसीयू पहुंचे तो वहां अंधेरा था। विरोध करने के बाद मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। बाद में परिजनों ने भरतकुंड में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि चन्द्रावती हाईरिस्क मरीज थीं और उनका ऑपरेशन भी उसी स्थिति में किया गया था। अस्पताल के अनुसार उनकी मृत्यु सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुई। प्रबंधन ने बताया कि मरीज को परेशानी होने पर परिजनों के कहने पर आईसीयू की लाइट बंद की गई थी। यदि बिजली आपूर्ति बाधित होती तो आईसीयू के सभी मॉनिटर भी बंद हो जाते, जबकि ऐसा नहीं हुआ।
पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई। फुटेज में नर्सिंग स्टाफ को कई बार मरीज की जांच और दवा देते हुए देखा गया है। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।