Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कड़ी निगरानी में संपन्न हुई यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, 89.16 प्रतिशत...

कड़ी निगरानी में संपन्न हुई यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, 89.16 प्रतिशत रही उपस्थिति

0

अयोध्या। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को अयोध्या जनपद के 39 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के  संचालन के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। दोनों पालियों में कुल 17,891 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1,940 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 89.16 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। परीक्षार्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन एवं तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। इसके साथ ही सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की गई तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखी गई।

अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने प्रथम पाली के दौरान आईईटी, नवीन परिसर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों सहित मुख्य परिसर स्थित रमन भवन और दीक्षा-प्रचेता भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कुलसचिव एवं बीएड नोडल अधिकारी विनय कुमार सिंह, नोडल समन्वयक प्रो. फर्रूख जमाल, जनपद समन्वयक प्रो. गंगा राम मिश्र तथा केंद्र प्रतिनिधि डॉ. कमलेश ने विभिन्न कॉलेजों में पहुंचकर परीक्षा संचालन की समीक्षा की। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

बीएड नोडल अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जनपद में कुल 78 पर्यवेक्षक, 39 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे।

नोडल समन्वयक प्रो. फर्रूख जमाल ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि दोनों पालियों की परीक्षा पूरी शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version