जलालपुर अंबेडकर नगर। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के अकबालपुर गांव के पास बुधवार शाम लगभग पांच बजे की है।
जानकारी के अनुसार, शिवम (25) पुत्र ठाकुर दीन, निवासी बीबीपुर भूसौली गांव, बुधवार को धमरूआ से बाइक द्वारा कहीं जा रहा था। जैसे ही वह अकबालपुर गांव के समीप पहुंचा, उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि मृतक मुंबई में रहकर जीवन यापन करता था और दो दिन पूर्व ही घर लौटा था। परिवार में दो भाई हैं, जिनमें से शिवम सबसे छोटा और अविवाहित था। कोतवाल जलालपुर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।