जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी छात्रा को भगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर मालीपुर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने रविवार को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अनुसूचित जाति से है। उसकी नाबालिग पौत्री, जो कक्षा नौ की छात्रा है, 10 दिसंबर की सुबह सात बजे विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने पर जानकारी मिली कि विपक्षी अमन पुत्र चिनगी, निवासी जगतूपुर बिल्टयी, थाना मालीपुर ने अपने पटीदार ऋतिक पुत्र रामधारी के सहयोग से किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पीड़ित का आरोप है कि अमन उसके बेटे के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। इस संबंध में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है, शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।