जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नर्सरी चौराहे के पास मंगलवार दोपहर साढ़े बारह बजे दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार पिकअप से कलामुद्दीन 32 वर्ष निवासी फतेहपुर मोहितपुर थाना जलालपुर, जलालपुर से बसखारी की ओर जा रहे थे, नर्सरी चौराहे से कुछ आगे जोलहापुर के पास सामने से आ रही दूसरी पिकअप से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी पिकअप में अनिल शर्मा 45 वर्ष निवासी भरचकिया थाना पवई जनपद आजमगढ़ तथा समीर 14 वर्ष पुत्र साहिल निवासी मुदकल्लीपुर थाना पवई जनपद आजमगढ़ सवार थे, जो बसखारी से जलालपुर की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि अचानक एक पिकअप वाहन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे सामने से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में अनिल शर्मा और समीर को गंभीर चोटें आईं, जबकि कलामुद्दीन को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी भिजवाया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।