अंबेडकर नगर। जिले की पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 12 लाख 20 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख चालीस हजार रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। गिरोह के सदस्य पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के आसपास के संपन्न गांवों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के थाना जैतपुर पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अम्बरपुर-सेहरी मार्ग स्थित नटौलिया मोड़ से दोनों आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. कलीम पुत्र मो. बिलाल निवासी काजीटोला, तम्बौर खास जिला तथा हसीब पुत्र हनीफ उर्फ बासू निवासी आजादनगर, तम्बौर खास जिला सीतापुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान और संपन्न गांवों में बंद घरों की खिड़कियों की जालियां काटकर या ताले तोड़कर अंदर घुसते थे। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर कार से फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मो. कलीम पर अंबेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर में चोरी व गृहभेदन के 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हसीब के खिलाफ थाना जैतपुर में दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 960 ग्राम चांदी, 61 ग्राम सोना, 1,40,620 रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार तथा तार कटर, पेचकस और सूम्मा बरामद किया है। बरामद आभूषणों में 22 जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, 10 सोने की अंगूठियां, तीन सोने की चेन, झुमके, नथिया, मांगटीका और लाकेट सहित अन्य सामान शामिल हैं।
दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी जैतपुर प्रेमचंद, थाना प्रभारी मालीपुर शशांक शुक्ला, उपनिरीक्षक उस्मान गनी तथा कांस्टेबल रामू यादव समेत एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।