अयोध्या। थाना पटरंगा क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में हुए युवक की नृशंस हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात को मृतक के ही दो करीबी दोस्तों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 20 दिसंबर को नहर की पटरी के पास एक अधजला और सिर-धड़ से अलग अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान शव की शिनाख्त खजूरी गांव निवासी तारिक के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि हत्या के पीछे मामूली-सी बात बड़ी वजह बन गई। आरोपी जमाल और अब्दुल ने दारू-मुर्गा पार्टी रखी थी, जिसमें खाने-पीने की हिस्सेदारी को लेकर तारिक से विवाद हो गया। पूर्व में हुए सड़क हादसे के चलते तारिक का एक पैर घायल था, जिसको लेकर आरोपी उसे अक्सर चिढ़ाया करते थे। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और गुस्से में आकर दोनों ने चाकू से तारिक पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को नहर किनारे ले जाकर पुआल डालकर जला दिया और पहचान मिटाने के लिए सिर धड़ से अलग कर दिया। हालांकि पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपी नहीं बच सके।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।