Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअवध विश्वविद्यालय के वशिष्ठ परिसर में 4 अगस्त को होगा दो भवनों...

अवध विश्वविद्यालय के वशिष्ठ परिसर में 4 अगस्त को होगा दो भवनों का लोकार्पण


राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी तुलसी भवन धन्वंतरी भवन का शुभारंभ, खिलाड़ियों का होगा सम्मान


अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के वशिष्ठ परिसर स्थित मल्टीपरपज हॉल (तुलसी भवन) एवं इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी (धन्वंतरी भवन) का लोकार्पण सोमवार, 4 अगस्त को प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत राज्यपाल परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी।

लोकार्पण के उपरांत धन्वंतरी भवन के समक्ष कुलाधिपति द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही, धन्वंतरी भवन के सभागार में उनका संक्षिप्त संबोधन तथा अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात महिला एवं सात पुरुष खिलाड़ियों और उनके कोचों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने दी।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कुलाधिपति सायं 3:00 बजे से कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक लेंगी। इसके अतिरिक्त वे परिसर स्थित अहिल्याबाई होल्कर महिला छात्रावास, आचार्य नरेंद्र देव महिला छात्रावास, मूल्यांकन भवन, श्रीराम शलभ भवन का निरीक्षण करेंगी। भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में नवसृजित कंप्यूटर लैब का अवलोकन भी कार्यक्रम में शामिल है।

कार्यक्रम से पहले कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने वशिष्ठ परिसर का निरीक्षण कर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, भवनों की साज-सज्जा एवं अतिथियों के स्वागत से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए।

निरीक्षण के दौरान कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्द्र शुक्ल, प्रो. आशुतोष कुमार सिन्हा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा, प्रो. सुरेन्द्र मिश्रा, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह, सहायक अभियंता आर.के. सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments