◆ रौनाही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काली थार और तीन मोबाइल किए बरामद, तीन आरोपी अभी फरार
अयोध्या। तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास टोलकर्मी को जबरन थार गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में रौनाही पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली रंग की थार गाड़ी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श सिंह पुत्र शिव कुमार सिंह, निवासी मधवापुर, थाना हरैया, जनपद बस्ती, हाल पता छावनी बाजार, बस्ती और दीपेश तिवारी पुत्र परमानंद तिवारी, निवासी मगर गाहा, थाना गुल्हौरा, जनपद सिद्धार्थनगर, हाल पता पुराना डाकखाना सिविल लाइन, बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोल प्लाजा पर काली रंग की थार सवार युवकों ने टोल बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान टोल कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि सात-आठ अज्ञात युवकों ने वादी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरन थार गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग भी की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से पहुंची पुलिस आरोपियों तक
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नउवा कुआ रोड स्थित खिरौनी मोड़ के पास घेराबंदी कर आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली थार और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।