◆ किसानों ने जताई नाराजगी, कहा– नहीं बदला गया तो करेंगे शिकायत
अंबेडकर नगर। बंदनडीह स्थित 56 नम्बर नलकूप की केबल कई दिनों से खराब पड़ी है, जिससे किसानों को धान और गन्ने की फसल की सिंचाई करने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नलकूप विभाग को इसकी शिकायत भी कर दी गई है, लेकिन अब तक केबल नहीं बदला गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एसडीओ का कहना है कि जब तक स्टोर में केबल उपलब्ध नहीं होगी, उसे बदला नहीं जा सकता। वहीं किसानों का कहना है कि आखिर स्टोर में केबल है या नहीं, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी विभाग की ओर से नहीं दी जा रही है। बरसात न होने की वजह से धान और गन्ने की फसल सूखने की कगार पर पहुंच चुकी है।
किसानों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई बार नलकूप की केबल खराब हो चुकी है। उस समय ग्रामीणों ने आपसी चंदा कराकर केबल बदलवाया था। इस बार भी यदि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे। किसान सूर्यमणी यादव, अंकित मिश्रा, शैलेन्द्र कुमार तिवारी, शिवशंकर मौर्या और बृजनंदन आदि ने कहा कि नलकूप की समस्या को लेकर वे अब चुप नहीं बैठेंगे। इस संबंध में जब एसडीओ कटहरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। जेई को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी।