Tuesday, October 13, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादुर्गा पूजा मेले को लेकर अयोध्या में तीन दिन बदली रहेगी यातायात...

दुर्गा पूजा मेले को लेकर अयोध्या में तीन दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था


17 से 19 अक्टूबर तक शाम चार बजे से मेला समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित


अयोध्या। शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजा की सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर आयोजित होने वाले मेले को देखते हुए अयोध्या शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार 17, 18 और 19 अक्टूबर को प्रतिदिन शाम चार बजे से मेला समाप्त होने तक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।

यातायात पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के तहत घंटाघर चौराहे की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष प्रतिबंध रहेंगे। रिकाबगंज, गुदड़ी और फतेहगंज चौराहों से घंटाघर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रिकाबगंज और गुदड़ी चौराहे से आने वाले वाहन नियावां मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। रीडगंज चौराहे से घंटाघर जाने वाले वाहन आंख अस्पताल तिराहा होते हुए रामपथ से निकलेंगे, जबकि फतेहगंज चौराहे से आने वाले वाहन जीआईसी ओवरब्रिज तिराहे से होकर जाएंगे।

व्यावसायिक वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बेनीगंज तिराहे से गुदड़ी चौराहे की ओर ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा सहित सभी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन बेनीगंज चौराहे से देवकाली मार्ग होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

अग्रसेन चौराहे और परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। शांति चौक, नवीन मंडी चौराहा और पहाड़गंज तिराहे से अग्रसेन चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को एनएच-27 से होकर जाने की व्यवस्था दी गई है। सिंधी कॉलोनी चौराहे से रामनगर तिराहे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें परिक्रमा मार्ग से निकाला जाएगा। रामनगर तिराहे और जनौरा मोड़ से नाका हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले वाहन भी परिक्रमा मार्ग का उपयोग करेंगे।

जीआईसी ओवरब्रिज तिराहे से मकबरा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रेलवे स्टेशन से मोहदा होते हुए परिक्रमा मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं, जीआईसी गेट के आगे फतेहगंज ओवरब्रिज की सर्विस लेन से फतेहगंज की ओर जाने वाले वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। इस दिशा में जाने वाले वाहन फतेहगंज ओवरब्रिज से होकर मनूचा तिराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।


आपातकालीन सेवाओं को छूट


यातायात पुलिस के अनुसार रिकाबगंज चौराहे से कसाबबाड़ा की ओर फतेहगंज जाने वाले मार्ग पर केवल एंबुलेंस और मरीजों से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति होगी। अन्य सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments