Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर भारी पुलिस बल के साथ खाद्य विभाग की छापेमारी से व्यापारियों में...

भारी पुलिस बल के साथ खाद्य विभाग की छापेमारी से व्यापारियों में नाराजगी

0

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। नगर के एक प्रतिष्ठान पर शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम द्वारा की गई सैंपलिंग कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश, नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी तथा भारी पुलिस बल के साथ नगर स्थित एक प्रतिष्ठान पर पहुंचे और बिक्री किए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दुकान में मौजूद खाद्य सामग्री की जांच करते हुए घी का सैंपल लिया। सैंपलिंग की सूचना मिलते ही जलालपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष आनंद जायसवाल अपने पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए और भारी पुलिस बल के साथ की जा रही कार्रवाई का विरोध जताया।

प्रतिष्ठान मालिक कृष्ण कुमार गुप्ता एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार पुलिस बल के साथ सैंपलिंग करने से दुकानदारों की छवि प्रभावित होती है तथा आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत का माहौल बन जाता है। कार्रवाई के दौरान आसपास के कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

हालांकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा केवल घी का सैंपल लिया गया तथा नियमानुसार उसका मूल्य अदा कर सैंपल अपने साथ ले जाया गया।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि खाद्य पदार्थों की जांच सामान्य और शांतिपूर्ण तरीके से की जाए, ताकि व्यापारियों में भय का वातावरण न बने और वे निश्चिंत होकर अपना व्यापार कर सकें।

व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों का यही रवैया जारी रहा तो व्यापारी जल्द ही सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version