Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तहसील परिसर में शौचालय व्यवस्था बदहाल,फरियादी परेशान

तहसील परिसर में शौचालय व्यवस्था बदहाल,फरियादी परेशान

0
ayodhya samachar

अम्बेडकर नगर। आलापुर तहसील परिसर में साफ-सफाई और शौचालय व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। तहसील परिसर में बने पुरुष शौचालय लंबे समय से जाम पड़े होने के कारण वहां से उठने वाली दुर्गंध दूर से ही महसूस की जा सकती है। इससे तहसील में कार्यरत कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले फरियादियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव के अभाव में उनकी स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। शौचालय उपयोग के योग्य नहीं रह गए हैं और केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं।

आलापुर तहसील का क्षेत्रफल काफी विस्तृत है और यहां प्रतिदिन दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। नामांतरण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने, भूमि विवादों के निस्तारण सहित अन्य कार्यों के चलते पूरे दिन परिसर में भीड़ बनी रहती है। इसके बावजूद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारी बैठते हैं, ऐसे में शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा की बदहाल स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों का मानना है कि यदि शौचालयों की नियमित सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version