Wednesday, July 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामानदेय भुगतान की मांग को लेकर शौचालय केयरटेकरों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

मानदेय भुगतान की मांग को लेकर शौचालय केयरटेकरों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


अयोध्या। शौचालय केयरटेकरों के लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर जन कल्याण केयरटेकर संगठन के बैनर तले बुधवार को तिकुनिया पार्क में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं केयरटेकर महिलाओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से जिला पंचायत राज अधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि प्रदेश भर में कार्यरत शौचालय केयरटेकरों का मानदेय कई महीनों और कुछ मामलों में कई वर्षों से लंबित है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने मांग की कि सभी केयरटेकरों का बकाया मानदेय जल्द भुगतान किया जाए।

विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि जब केयरटेकर अपने मानदेय की मांग करती हैं तो उन्हें कार्य से हटाने का दबाव बनाया जाता है। उन्होंने मांग की कि किसी भी केयरटेकर को हटाया न जाए तथा उनका मानदेय सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भेजा जाए।

महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सविता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत महिला केयरटेकरों को मानदेय प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मानदेय समूहों के खातों में भेजे जाने के कारण उसका सही लाभ पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि कई केयरटेकर विधवा एवं आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि वर्षों से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता पर रोक लग सके।

प्रदर्शन में शीला पाल, प्रभावती, तारा, कविता, विमलेश, सुशीला देवी, लीलावती, नीतू सहित बड़ी संख्या में केयरटेकर महिलाएं मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments