अम्बेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत एनटीपीसी टांडा में गुरुवार को तिरंगा रैली निकाली गई। प्रशासनिक भवन परिसर से शुरू हुई रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और संविदा कर्मियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
रैली का नेतृत्व एनटीपीसी टांडा के परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने एनटीपीसी कर्मचारियों और टाउनशिप के निवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्रशासनिक भवन से निकली रैली एनटीपीसी परिसर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। देशभक्ति के नारों और गीतों के बीच रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बना। पूरे परिसर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
एनटीपीसी टांडा की ओर से आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा। रैली के माध्यम से लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया।