अयोध्या। प्रदेश में युवाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में अयोध्या जिले में अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच जिला सेवायोजन विभाग द्वारा 16 रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया गया। इन मेलों के माध्यम से अब तक 3,875 से अधिक युवाओं को रोजगार का अवसर मिला। रोजगार मिलने के बाद युवाओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा है।
जिला सेवायोजन विभाग के सहायक अधिकारी शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मेलों में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों ने सक्रिय भागीदारी की। आईटी, पर्यटन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने युवाओं की योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार नौकरियों की पेशकश की। अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए पर्यटन क्षेत्र में विशेष अवसर उपलब्ध कराए गए। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार की नौकरियों ने विभिन्न वर्गों के युवाओं को लाभान्वित किया। रोजगार मेले का लाभ लेने वाले युवाओं ने कहा कि इस पहल ने उनके जीवन की दिशा बदल दी है। एक चयनित अभ्यर्थी ने बताया कि मेले के माध्यम से उन्हें अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी मिली, जिससे वे अपने परिवार का सहारा बन सकेंगे और समाज में आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ सकेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि रोजगार मेले युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ पलायन की समस्या को भी कम करेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। अयोध्या में तेजी से बढ़ती संभावनाओं और रोजगार मेलों ने शहर को आर्थिक समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ाया है।