Wednesday, August 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरनाग पंचमी पर अयोध्या रवाना हुए हजारों कांवरिये, गूंजे ‘बोल बम’ के...

नाग पंचमी पर अयोध्या रवाना हुए हजारों कांवरिये, गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे


बसखारी, अंबेडकर नगर। सावन के पवित्र पर्व नाग पंचमी पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए क्षेत्र से हजारों कांवरियों के अयोध्या धाम रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया। ‘बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय शिव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने कांवरियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के निर्देश पर उनके छोटे भाई वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार हरिओम गुप्ता तथा कोर कमेटी के सदस्यों ने अयोध्या धाम जा रहे कांवरिया दल का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शिवभक्तों को माला पहनाने के साथ अंगवस्त्र भेंट किए गए और ‘बोल बम’ के जयघोष से उनका उत्साह बढ़ाया गया।

फोन पर व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, कठिन तपस्या और भगवान शिव के प्रति भक्ति का प्रतीक है। यह जाति, वर्ग और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सामूहिक सेवा की भावना को बढ़ावा देती है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी नगर पंचायत कार्यालय के सामने कांवरियों के स्वागत, पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं।

रुस्तमपुर, भोजपुर, गोविंद साहब, भिदूण, किछौछा, रामडीह सराय, शुकुल बाजार, कटारगढ़, नाऊनगर, अछती और मकोइया समेत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से कांवरियों के जत्थे डीजे पर बज रहे शिवभक्ति गीतों पर थिरकते हुए अयोध्या के लिए रवाना हुए। कांवरियों के जयघोष से मार्ग गूंजते रहे।

कांवरिये अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी से पवित्र जल लेकर करीब चार दिनों की कठिन पदयात्रा के बाद नाग पंचमी से एक दिन पूर्व अपने गांव की सीमा में पहुंचेंगे। नाग पंचमी के दिन नजदीकी शिवालयों में कांवड़ में लाए गए सरयू जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करने के साथ यात्रा का समापन होगा।

कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। कांवरियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों पर डायवर्सन की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मार्गों पर जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments