Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर दुकानदारों में मची हलचल, प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को लेकर दी अंतिम...

दुकानदारों में मची हलचल, प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को लेकर दी अंतिम मोहलत

0
ayodhya samachar

जलालपुर अंबेडकरनगर। जलालपुर नगर में अतिक्रमण पर अब प्रशासन का बुलडोजर चलने जा रहा है। जलालपुर-अकबरपुर मार्ग और बसखारी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा चिन्हित अतिक्रमण को हटाने के लिए 16 जुलाई की तारीख निर्धारित की गई है। इसके लिए संबंधित दुकानदारों और भवन स्वामियों को 15 जुलाई तक अपने निर्माण स्वेच्छा से हटाने का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सड़क के मध्य से तय मानकों के भीतर आने वाले 53 दुकानों और मकानों को खाली करने का निर्देश दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि तय समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन बुलडोजर लगाकर जबरन हटाने की कार्रवाई करेगा। नगर के बसखारी मार्ग पर पक्के पुल के पास बने एक मकान को भी चिन्हित किया गया है।

नोटिसों पर लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार के हस्ताक्षर हैं। अधिशासी अभियंता का कहना है कि राजस्व विभाग और पीडब्ल्यूडी की टीम द्वारा मानक के अनुरूप सीमांकन पहले ही कर लिया गया है। अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को राजस्व टीम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले बीते नौ जुलाई को बसखारी मार्ग पर बड़े पुल के पास पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बने एक पक्के मकान को प्रशासन ने दो बुलडोजरों की मदद से गिरा दिया था।

इस कार्रवाई से नगर के दुकानदारों और भवन स्वामियों में हड़कंप मचा है। दुकानदारों का कहना है कि अचानक आए इस नोटिस से वे बेहद परेशान हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि जनहित में सड़क को मानक के अनुरूप चौड़ा किया जाना आवश्यक है और इसमें किसी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version