अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र की फतेहगंज पुलिस चौकी के ठीक बगल स्थित मकान में हुई चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
पीड़ित शिव प्रसाद अग्रहरि के अनुसार वह 17 जून को सुल्तानपुर गए थे। 19 जून को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का सामान बिखरा पड़ा है। चोर घर से 30 से 40 हजार रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो चुके थे। मामले में 20 जून को एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वह फतेहगंज पुलिस चौकी के ठीक बगल है। चौकी परिसर से यह मकान स्पष्ट दिखाई देता है। ऐसे में चौकी के ठीक बगल हुई चोरी ने पुलिस की सतर्कता और गश्त व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जब पुलिस चौकी के पड़ोस में स्थित मकान सुरक्षित नहीं है, तो अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। घटना कब और किस समय हुई, इसका जवाब भी अभी तक पुलिस नहीं तलाश सकी है।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी विकास गुप्ता को सौंपी है। हालांकि कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं लगा है। अब देखना यह है कि पुलिस इस चुनौतीपूर्ण घटना का खुलासा कब तक कर पाती है।