जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चांडी डीहा गांव में बीती शनिवार रात चोरों ने एक घर से नगदी व लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, रामपुर चांडी डीहा निवासी रवीन्द्र कुमार यादव के घर में नौ अगस्त की रात अज्ञात चोर घर के पीछे से छत पर चढ़कर तथा सीढ़ी के रास्ते अंदर घुस आए। चोरों ने घर में रखा एक बक्सा घर के पीछे तथा दूसरा बक्सा अजय कुमार यादव की ट्यूबवेल पर ले जाकर तोड़ा और उसमें रखा कीमती सामान उड़ा ले गए।
चोरी गए सामान में चार सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी टप्स, एक जोड़ी पायल, 22 चांदी के सिक्के, 21 हजार रुपये नगद, एक जेन्ट्स टाइटन घड़ी तथा एक लेडीज घड़ी शामिल हैं। चोरी गए जेवरात व सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी जा रही है। पीड़ित ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।