जलालपुर अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना पुलिस ने कॉलेज जा रही एक छात्रा को डराने-धमकाने और जबरन मोबाइल फोन देने की कोशिश करने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक, मालीपुर क्षेत्र की एक छात्रा ने शनिवार को पुलिस से शिकायत की थी कि जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी घर से लगभग पाँच सौ मीटर की दूरी पर सौरभ राजभर पुत्र शिवपूजन निवासी बरामदपुर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर बाइक से एक अज्ञात व्यक्ति के साथ पहुँचा और उसका पीछा करते हुए रास्ते में रोक लिया।
छात्रा के अनुसार, आरोपी ने उससे बातचीत करने का दबाव बनाया और हाथ पकड़कर मोबाइल फोन देने की कोशिश की। जब छात्रा ने विरोध किया, तो उसने धमकी दी। भय के कारण छात्रा ने मोबाइल ले लिया और घर पहुँचकर पूरी घटना परिजनों को बताई।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि आरोपी सौरभ राजभर को रविवार सुबह सुरहुरपुर बाजार से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी उपनिरीक्षक विजय राम की अगुवाई में गठित एंटी रोमियो टीम ने की, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल मोहम्मद रसूल और कॉन्स्टेबल संजय यादव शामिल थे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।