जलालपुर अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती की शादी किसी अन्य युवक से तय हो जाने के बाद पूर्व परिचित युवक द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर और सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि गांव निवासी सुरजीत से पूर्व में मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी बीच परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य जगह तय कर दी, जो आगामी मई माह में प्रस्तावित है। शादी तय होने के बाद युवती ने पूर्व परिचित युवक से बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक ने उसके होने वाले पति के मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजे तथा इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से फोटो व वीडियो साझा कर शादी तुड़वाने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि इस हरकत से उसे गंभीर मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
पीड़िता ने पुलिस से मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।