अयोध्या। मंगलवार की सुबह अयोध्या की सड़कों पर देशभक्ति का रंग दिखाई दिया। साहबगंज स्थित रामजानकी मंदिर परिसर से हाथों में तिरंगा थामे भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम निकला तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। यात्रा की अगुवाई विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने की।
तिरंगा हाथों में थामे यात्रा में शामिल लोग जब भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ आगे बढ़े तो सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने भी यात्रा का उत्साह बढ़ाया। यात्रा के दौरान हर हाथ में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से गूंजता वातावरण राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश देता नजर आया। यात्रा साहबगंज से गुदडी बाजार चौराहा से होते हुए शहीद स्मृति स्थल, चौक पहुंची, जहां शहीदों को नमन करते हुए यात्रा का समापन हुआ।
इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान के लिए हमारे वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त करने का अवसर है। अयोध्या की धरती से निकली यह यात्रा शहीदों के बलिदान को नमन करने और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का संकल्प है। यात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
यात्रा में भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, शशि प्रताप सिंह, हरभजन गौड, शिवम शुक्ला, कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, ओमिश अग्रहरि, शुभम श्रीवास्तव, स्वप्निल श्रीवास्तव, प्रांशु अग्रवाल, आलोक द्विवेदी, महेश श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, अवनीश मिश्र, आलोक द्विवेदी, पार्षद सौरभ सिंह सूर्यवंशी, राजेश गौड, अनूप श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, सुनील यादव, धर्मेन्द्र मिश्र गणेश, चंदन सिंह, अशोका द्विवेदी, पूजा रावत, सुधा पाण्डेय, प्रतिमा शुक्ला, शकुंतला गौतम सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।