◆ क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने पदाधिकारियों संग बैठक कर की यात्रा की समीक्षा
अयोध्या। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि तिरंगा यात्रा और कलश वंदन अभियान को सफल बनाने में कार्यकर्ता जुटें। उन्होंने कहा कि दोनों अभियानों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो। उन्होंने शनिवार को सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। 10 अगस्त से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। संत रविदास के 650वें जयंती वर्ष में चल रहे कलश वंदन अभियान की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दोनों अभियानों के माध्यम से संगठन के कार्यकर्ता जनसंपर्क को और व्यापक बनाएं तथा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि तिरंगा यात्रा की शुरुआत 10 अगस्त को करियप्पा मंडल से होगी। इसमें प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही शामिल होंगे। 13 अगस्त को जिला व महानगर ईकाई द्वारा संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी अगुवाई पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक मंडल तथा वार्डवार यात्राएं निकाली जाएंगी। बताया कि यात्रा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
