बसखारी अंबेडकर नगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन हवन-पूजन व वृहद भंडारे के साथ गुरुवार को हो गया। इस भंडारे में स्थानीय लोगों के साथ जनपद के विभिन्न हिस्सों से भी कई गणमान्य नेता व समाजसेवियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के नेतृत्व में प्रभु श्री रामचंद्र जी के अयोध्या भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में कलश यात्रा, अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था। जिसका समापन विशाल भंडारे के साथ गुरुवार को हो गया। गुरुवार को अखंड रामायण की समाप्ति के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ओंमकार गुप्ता के साथ सभासदों व स्थानीय लोगों ने हवन पूजन किया। इसके बाद प्रभु श्री रामचंद्र जी एवं पवित्र धार्मिक ग्रंथ रामायण की आरती कर लोगों में प्रसाद वितरण किया गया। शाम 4:00 बजे से शुरू हुए भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस उत्सव को मनाने के लिए नगर पंचायत कार्यालय, भाजपा कैंप कार्यालय सहित कई स्थानों पर रंग बिरंगी झालरों की गई सजावट लोगों को मंत्र मुग्ध कर रही थीं।इस अवसर पर प्रभु श्री रामचंद्र जी की झांकी निकलने के साथ लोगों ने अपने-अपने घरों पर दीपक जलाकर दीप उत्सव किया और पटाखे फोड़ कर खुशियां मनाई।



