अम्बेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात बेखौफ चोरों ने घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन गृहस्वामी की सतर्कता से उनकी कोशिश नाकाम हो गई। जानकारी के अनुसार, कोडरा ग्रामसभा निवासी दिनेश बर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीती रात लगभग 12 बजे चोर छत पर चढ़कर घर में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे। चोरों ने छत पर बने दरवाजे को तोड़ भी दिया, तभी घर के अंदर सो रहे दिनेश बर्मा को खटखटाहट की आवाज सुनाई दी। जैसे ही गृहस्वामी मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, चोर छत से कूदकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।