Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 26 लाख दीपों के प्रज्वलन का लक्ष्य, 32 हजार से अधिक स्वयंसेवक...

26 लाख दीपों के प्रज्वलन का लक्ष्य, 32 हजार से अधिक स्वयंसेवक होंगे शामिल

0

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में दीपोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर निकटवर्ती महाविद्यालयों व माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य व प्रतिनिधि आमंत्रित किए गए थे।

कुलपति ने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या के लिए आस्था और गौरव का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन के लिए समयबद्ध तैयारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस बार 26 लाख 11 हजार 101 दीपों के प्रज्वलन का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके लिए लगभग 28 लाख दीप सजाए जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए 32 हजार से अधिक स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। घाटों को सेक्टरों में बांटकर कार्य कराया जाएगा।

डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा की दृष्टि से छोटे बच्चों को स्वयंसेवक न बनाया जाए। साथ ही तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए कार्य को चरणबद्ध ढंग से पूरा करने की अपील की। स्वयंसेवकों के आवागमन हेतु वाहनों की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, प्रो. एस.एस. मिश्र, डीआईओएस पवन तिवारी, प्रो. दानपति तिवारी सहित कई शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version