जलालपुर अम्बेडकरनगर। नगर स्थित तहसील परिसर में संचालित आपूर्ति विभाग कार्यालय की मनमानी से आम जनता हलकान है। सोमवार को जब लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। बिना किसी सूचना के कार्यालय बंद होने से लोग एक-दूसरे से पूछते नजर आए कि “कब खुलेगा कार्यालय?”
दूर-दराज़ से आए लोगों को काफी निराशा का सामना करना पड़ा। कोई राशन कार्ड में नाम जुड़वाने आया था, तो कोई सुधार या नवीनीकरण कराने। लेकिन उन्हें बिना कोई कार्य किए लौटना पड़ा।
भियांव ब्लॉक से आए घनश्याम, हरिभजन, और सेवाराम ने बताया कि वे कई दिनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। “कभी अधिकारी नहीं मिलते, तो कभी कहा जाता है कि कल आइए। आज आए तो देखा कि ऑफिस में ताला लगा है, लेकिन कोई कारण नहीं बताया गया।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब कार्यालय यूं ही बंद मिला हो। आये दिन ऐसी स्थिति बनती है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि किसी कारणवश कर्मचारी अनुपस्थित हैं तो कम से कम सूचना या नोटिस तो लगाया जाना चाहिए।
इस संबंध में जब जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडे से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि “भियांव के पूर्ति निरीक्षक किसी की तबीयत खराब होने के कारण बाहर गए हैं और जलालपुर के पूर्ति निरीक्षक व स्टाफ हाईकोर्ट गए हैं, इसलिए कार्यालय बंद है।”
हालांकि, कार्यालय के बाहर बंद होने की कोई सूचना नहीं लगाई गई थी, जिससे लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई।
जनता ने प्रशासन से कार्यालय संचालन को नियमित बनाए रखने और बिना पूर्व सूचना के कार्यालय बंद न करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में आमजन के कार्यों में देरी पहले से ही बनी रहती है, ऊपर से इस तरह की लापरवाही और परेशानी बढ़ा रही है।