Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 18 से 20 जनवरी तक होगा श्रवण धाम महोत्सव–भक्ति, संस्कृति और लोककला...

18 से 20 जनवरी तक होगा श्रवण धाम महोत्सव–भक्ति, संस्कृति और लोककला का होगा महासंगम

0
ayodhya samachar

अम्बेडकर नगर। जनपद के पौराणिक एवं ऐतिहासिक तीर्थस्थल श्रवण धाम में 18 से 20 जनवरी तक आयोजित होने वाला श्रवण धाम महोत्सव भक्ति, संस्कृति, कला और लोक परंपराओं का भव्य संगम होगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
हरिओम पांडे ने कहा कि तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय फलक पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। यह आयोजन धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोककला संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को भी नई दिशा देगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों का समावेश किया गया है, ताकि समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में सुप्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा की संगीतमय प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगी। वहीं, प्रख्यात कवि एवं विचारक कुमार विश्वास की उपस्थिति में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अतिरिक्त लखनऊ के अमित दीक्षित द्वारा प्रस्तुत भव्य रामलीला मंचन भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति को सजीव रूप में प्रस्तुत करेगा।
श्रवण धाम महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों द्वारा लोकनृत्य व लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही जनपद के स्थानीय कलाकारों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी मंच मिलेगा। महोत्सव परिसर में लाइट एंड साउंड शो व लेजर शो के माध्यम से श्रवण धाम की पौराणिक गाथाओं को जीवंत किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान तमसा नदी की भव्य आरती, दीपोत्सव और आकर्षक आतिशबाजी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, कृषि व स्वास्थ्य मेला, फूड स्टॉल और मनोरंजन के साधन भी लगाए जाएंगे।
सदस्य विधान परिषद हरिओम पाण्डेय एवं जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में श्रवण धाम महोत्सव में सहभागिता कर इसे ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version