Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था बनी अव्यवस्थाओं का...

राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था बनी अव्यवस्थाओं का खेल


अयोध्या। खेल भावना और अनुशासन की मिसाल माने जाने वाले मैदानों में इस बार अव्यवस्था ने खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ दिया है। प्रादेशिक विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और कोचों के लिए की गई आवासीय व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। एम.एल.एम. इंटर कॉलेज में ठहराए गए खिलाड़ियों ने गंदगी, अंधेरे और असुविधाओं का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। मैनपुरी से आए कोच विनोद कुमार ने बताया कि यहां की आवासीय व्यवस्था बहुत खराब है। टेबल पर लेटकर रात गुजारी है।
खिलाड़ियों का आरोप है कि विद्यालय परिसर में चार्जिंग पॉइंट तक पर्याप्त नहीं हैं। सुलभ शौचालयों की हालत बदतर है, जबकि नहाने के लिए टूटी-फूटी बाल्टियों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई कमरों में बिजली की समस्या बनी हुई है, जिससे शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। खिलाड़ियों का कहना है कि खराब सुविधाएं उनके स्वास्थ्य और प्रदर्शन दोनों को प्रभावित कर रही हैं।
प्रादेशिक प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें से 17 टीमें अयोध्या पहुंच चुकी हैं। कई खिलाड़ियों ने बताया कि वे अन्य जिलों में हुई प्रतियोगिताओं में भी शामिल हुए हैं, लेकिन वहां की व्यवस्था कहीं बेहतर थी। अयोध्या जैसे धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में ऐसी स्थिति देख कर सभी हैरान हैं।
प्रतियोगिता अयोध्या के भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित हो रही है, जहां खेल मैदान तो उत्कृष्ट है, लेकिन आवासीय सुविधाएं खिलाड़ियों की अपेक्षा पर खरी नहीं उतर रहीं।
खिलाड़ियों का कहना है कि उनके सम्मान और स्वास्थ्य का ध्यान रखना प्रशासन और आयोजन समिति की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जिम्मेदार अधिकारी तुरंत संज्ञान लेकर खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments