अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में नया क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है, जिसके नए वर्ष से पहले शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह भवन साकेत पेट्रोल पंप के निकट मल्टीलेवल पार्किंग स्थल के पास लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। भवन का निर्माण यूपीपीसीएल की कार्यदायी संस्था द्वारा कराया गया है। इसके शुरू होने से पर्यटन से संबंधित प्रशासनिक कार्यों और पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया भवन
नए क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय भवन के भूतल पर पर्यटकों की सुविधा के लिए रिसेप्शन काउंटर, टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर, वेटिंग रूम और बैठक कक्ष बनाए गए हैं। प्रथम तल पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए चैंबर, स्टाफ रूम और एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया गया है। यहां पर्यटन से जुड़े सेमिनार, कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। भवन में सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की भी व्यवस्था की गई है।
पर्यटकों को मिलेगी एक ही छत के नीचे जानकारी
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि नए पर्यटन कार्यालय के शुरू होने से राम मंदिर दर्शन के बाद आने वाले पर्यटक गाइड, होटल बुकिंग, होमस्टे और स्थानीय भ्रमण से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे पर्यटकों की सुविधा बढ़ेगी और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। नए भवन के संचालन से अयोध्या में पर्यटन से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।