◆ अवधेश द्विवेदी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद प्रथम आगमन की तैयारियों में जुटी भाजपा
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के अवध क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन को लेकर महानगर इकाई ने भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर की सीमा से लेकर सर्किट हाउस तक विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
इस अवसर पर अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप क्षेत्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ स्वागत कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा संगठन की एकजुटता और शक्ति का परिचय देंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष का प्रथम अयोध्या आगमन संगठन के लिए गौरव का अवसर है। कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अनुशासित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि गरुण द्वार पर जनप्रतिनिधि एवं महानगर पदाधिकारी, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, टीवी टावर तथा कचहरी गेट के सामने संबंधित मंडलों के पदाधिकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। सर्किट हाउस मोड़ पर भाजपा के सभी मोर्चों के पदाधिकारी उनका अभिनंदन करेंगे। सभी स्वागत स्थलों पर 21 बटुकों द्वारा स्वस्तिवाचन कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार बनाए जाएंगे, मानव श्रृंखला बनाई जाएगी तथा हर स्थल पर 51 किलो की माला, पुष्पवर्षा व आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसके उपरान्त महानगर के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों व पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक होगी।
बैठक में महामंत्री परमानंद मिश्र, अमित तिवारी, तिलकराम मौर्या, अमल गुप्ता, शशि प्रताप सिंह, बाल कष्ण वैश्य, रवि शर्मा, हरभजन गौड, शिवम शुक्ला, रवि सिंह, स्वाती सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल, कपिल देव वर्मा, ओमिश अग्रहरि, शुभम् श्रीवास्तव, स्वाप्निल श्रीवास्तव, वरूण चौधरी, आकाश सोमवंशी, अमन तिवारी बिट्टू, प्रांशु अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।