Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर नगर में एक जनवरी से लागू होगी नो एंट्री व्यवस्था, जाम से...

नगर में एक जनवरी से लागू होगी नो एंट्री व्यवस्था, जाम से मिलेगी बड़ी राहत

0
ayodhya samachar

जलालपुर अम्बेडकर नगर। नगर में रोजमर्रा लगने वाले भीषण जाम से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पुलिस एवं प्रशासन ने एक जनवरी से नगर पालिका क्षेत्र जलालपुर में नो एंट्री व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत निर्धारित समय पर भारी वाहनों का नगर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से यातायात सुचारू होगा और लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

नो एंट्री का समय सुबह सात बजे से 10 बजे तक तथा दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहन नगर सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नियमों के सख्त अनुपालन के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। फुलवरिया से जलालपुर की ओर आने वाले भारी वाहन बंदीपुर मोड़ से कटका की ओर भेजे जाएंगे। वहीं फुलवरिया से जलालपुर होते हुए शाहगंज या अकबरपुर जाने वाले भारी वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे बनी सर्विस रोड से डायवर्ट किया जाएगा। सुरहुरपुर से जलालपुर आने वाले भारी वाहनों को मालीपुर या पट्टी चौराहा मार्ग पर मोड़ा जाएगा, जबकि मालीपुर व अकबरपुर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन तय किए गए हैं।

डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्कूल बसों को विद्यालयों के सामने सड़क किनारे खड़ा करने पर रोक लगाई गई है। सभी स्कूल बसें अब ब्रह्म लोक मंदिर के पास खड़ी कराई जाएंगी। साथ ही टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए नगर में अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित टैक्सी स्टैंड बनाए गए हैं।

कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नो एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था से जलालपुर में यातायात व्यवस्था सुधरने और आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version