◆ केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक में रामलीलाओं को आकर्षक बनाने और भव्य शोभायात्रा निकालने पर जोर
अयोध्या। केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की ओर से नगर निगम अयोध्या क्षेत्र की रामलीलाओं के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामलीलाओं के विकास, भव्य मंचन और श्रीराम शोभायात्रा को आकर्षक बनाने पर चर्चा हुई। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम अयोध्या क्षेत्र की रामलीलाओं के उत्तरोत्तर विकास और प्रगति के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। नगर निगम रामलीला समितियों के साथ खड़ा है और उनके आयोजन में सहयोग करता रहेगा।
महापौर ने कहा, “प्रभु श्रीराम के कार्य में किसी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए। यह हमारा या आपका कार्य नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम का कार्य है, जिसे कोई रोक नहीं सकता।” उन्होंने रामलीला समितियों को बेहतर आयोजन के लिए प्रोत्साहित किया।
केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम की पावन धरती पर रामलीलाओं के उत्थान के लिए समिति निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने रामलीला आयोजनों को और आकर्षक बनाने की आवश्यकता जताते हुए मांग की कि दुर्गापूजा की तर्ज पर प्रत्येक रामलीला में तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से सुंदर झांकियां लगाई जाएं, जिससे श्रीराम शोभायात्रा को और भव्य बनाया जा सके।
बैठक का संचालन करते हुए केंद्रीय समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल ने कहा कि सभी रामलीला समितियां भव्य मंचन और सुंदर आयोजन करें तथा प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकालें। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्रीय समिति इस वर्ष रामलीलाओं के विकास के लिए पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक सार्थक प्रयास करेगी तथा आयोजकों को निरंतर सहयोग प्रदान करती रहेगी।
बैठक को केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर, नगर निगम कार्यों के प्रमुख अतुल सिंह, फतेहगंज रामलीला के प्रतिनिधि अखिलेश पाठक, साहबगंज रामलीला के चंदन गुप्ता, रानू द्विवेदी, चौक रामलीला के कन्हैयालाल अग्रवाल, हैदरगंज रामलीला के रजनीश गुप्ता, कोठा पार्चा रामलीला के सिद्धार्थ महान, शंकरगढ़ रामलीला के हनुमान प्रसाद वर्मा तथा सिविल लाइंस एवं करम अली का पुरवा से किशन मौर्य ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रेमनाथ राय, राजीव गुप्ता, दिनेश मौर्य, आशीष महेंद्रा, राजेंद्र सिंह वैभव, वेणी माधव पांडेय, अश्विनी प्रताप सिंह और पार्षद अनूप कुमार श्रीवास्तव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।