Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कर वसूली में नगर निगम की सख्ती, तीन दुकानें सील; शिविर में...

कर वसूली में नगर निगम की सख्ती, तीन दुकानें सील; शिविर में 52 हजार से अधिक की वसूली

0

अयोध्या। नगर निगम ने बकाया गृहकर और जलकर की वसूली तेज करते हुए बुधवार को कुर्की की कार्रवाई की। अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के तहत तीन दुकानों को सील किया गया।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि फतेहगंज क्षेत्र के बेचन राम और वासुदेव पर लगभग ढाई लाख रुपये गृहकर एवं जलकर बकाया था। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी भुगतान न होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई। अधीक्षक जयप्रकाश और विनय कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने नागरिकों से समय से कर जमा कर नो-ड्यूज प्रमाण पत्र प्राप्त करने की अपील की है।


छोटी देवकाली वार्ड में लगाया गया कर समाधान शिविर


वहीं, कर वसूली और समस्याओं के निस्तारण के लिए छोटी देवकाली वार्ड में विशेष शिविर आयोजित किया गया। मकसूदन विद्यालय परिसर में लगाए गए इस शिविर में गृहकर और जलकर से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया गया।

शिविर का निरीक्षण पार्षद अनुज दास और जोनल अधिकारी अशोक गुप्त ने किया। कर अधीक्षक विनोद गौड़, राजस्व निरीक्षक शमशेर सिंह तथा राजस्व संग्रहकर्ता गोविंद पांडे और अवनीश शुक्ल पूरे समय उपस्थित रहे।

अधिकारियों के अनुसार शिविर में कुल 17 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि छह मामलों में जांच के निर्देश दिए गए। इस दौरान नौ लोगों ने गृहकर और जलकर के रूप में कुल 52,377 रुपये जमा किए।

नगर निगम ने बताया कि आगे भी विभिन्न वार्डों में ऐसे शिविर आयोजित कर बकाया कर वसूली और समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version