Thursday, March 5, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याबृहस्पति कुंड का रखरखाव अब जीएमआर वारालक्ष्मी फाउंडेशन के हवाले

बृहस्पति कुंड का रखरखाव अब जीएमआर वारालक्ष्मी फाउंडेशन के हवाले


अयोध्या। रामनगरी के रामपथ स्थित बृहस्पति कुंड के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी अब आंध्र प्रदेश से संबद्ध संस्था जीएमआर वारालक्ष्मी फाउंडेशन को सौंप दी गई है। इस संबंध में नगर निगम अयोध्या और फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर विधिवत हस्ताक्षर किए गए।



नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ तथा फाउंडेशन की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्वनी सक्सेना ने हस्ताक्षर कर व्यवस्था को औपचारिक रूप दिया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के अनुसार, निषादराज चौराहे के निकट रामपथ पर लगभग पाँच करोड़ पाँच लाख रुपये की लागत से पर्यटन विभाग द्वारा बृहस्पति कुंड का सौंदर्यीकरण कराया गया है। कुंड परिसर में दक्षिण भारत की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े तीन प्रतिष्ठित संतों की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे इसकी सांस्कृतिक गरिमा और बढ़ गई है।

इसका लोकार्पण 8 अक्टूबर 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा किया गया था। बाद में 11 नवंबर 2025 को पर्यटन विभाग ने इसे औपचारिक रूप से नगर निगम अयोध्या को हस्तांतरित कर दिया।

राममंदिर क्षेत्र के समीप स्थित इस कुंड की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने आगामी पाँच वर्षों के लिए इसका रखरखाव जीएमआर वारालक्ष्मी फाउंडेशन को सौंपा है। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-3 परिसर में संचालित फाउंडेशन की शाखा इसके संरक्षण एवं प्रबंधन का दायित्व निभाएगी।

अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से बृहस्पति कुंड की स्वच्छता, सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण को बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments