Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर कानून का...

बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर कानून का डंडा पड़ेगा भारी : मुख्यमंत्री योगी

0

◆ पहले जाति और परिवारवाद के नाम पर होता था विकास, अब पारदर्शिता है सरकार की पहचान


अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शिवबाबा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करने वालों को कानून ऐसा सबक सिखाएगा कि उनकी सात पुश्तें याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपराधियों की कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में नौकरियों की बोली लगती थी। एक खास परिवार का दबदबा था और भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन अब हमारी सरकार पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी पारदर्शिता का प्रमाण हाल में हुई पुलिस भर्ती है, जिसमें 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिनमें 12 हजार से अधिक बेटियां शामिल हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 11,690 लाभार्थी परिवारों को 561 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की। उन्होंने कहा कि पहले यह योजना सिर्फ किसानों तक सीमित थी, लेकिन अब इसके दायरे में बटाईदार, कृषक मजदूर और किसान के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब विभागीय कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है, और समय से कार्य न होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को दंगों, अपराधों और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों को विकास केवल अपने परिवार तक ही दिखाई देता है। ये लोग जाति के नाम पर समाज को बांटते हैं। हमें ऐसे चेहरों को बेनकाब करना है।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने अकबरपुर बस स्टेशन का नाम बदलकर शिवबाबा धाम और टांडा बस स्टेशन का नाम स्व. जयराम वर्मा डिपो रखने की घोषणा की।

जिले के विकास को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री ने 1,184 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 194 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने श्रवणधाम पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version