जलालपुर अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी छात्रा को भगाए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेते हुए बाल न्यायालय भेज दिया है। आरोपी की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है।
पीड़िता के पिता ने बीते 16 नवंबर को मालीपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री ऑनलाइन कार्य के नाम पर घर से 11 सौ लेकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों व अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने गांव के ही एक किशोर पर पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। रविवार को मालीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी किशोर को मालीपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जहां वह फरार होने की फिराक में था।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्या ने बताया कि आरोपी बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है।