अयोध्या। देवकाली बाईपास स्थित एक स्थानीय होटल में अखिल भारतीय सामग्री प्रबन्धन संस्थान अयोध्या शाखा का प्रथम वर्षगांठ मनायी गयी। इसके साथ में 203वीं एनसी बैठक आयोजित हुई। आईआईएमएम के नेशनल प्रेसीडेंट ललित राज मीणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीएम बिडप्पा, एनएसटी राकेश रस्तोगी, बोर्ड आफ स्टडीज के सह-अध्यक्ष डा सुरेश कुमार के साथ साथ सात पूर्व अध्यक्ष, लगभग 25 शाखाओं के अध्यक्ष, एनसी सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम्स पटना के पूर्व निदेशक और उप्र चिकित्सा विश्वविद्यालय के पूर्व उप कुलपति प्रोफेसर पीके सिंह ने अपने उद्बोधन में सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में दवाइयों के क्रय, भण्डारण और वितरण के महत्व और मरीज के इलाज में प्रबन्धन पर विचार व्यक्त किया। आईआईएमएम के अध्यक्ष मीणा द्वारा मेडिकल टेक्नोलॉजीज पर विचार विमर्श करते हुए शैक्षणिक कार्यक्रम, ट्रेनिंग, सेमिनार आदि पर विशेष ध्यान दिए जाने पर बल दिया। अयोध्या ब्रांच के मुख्य परामर्श दाता डा हरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, अध्यक्ष अभय मेहरोत्रा, आरए यादव, वीवी चतुर्वेदी, दीपचन्द्र, आशुतोष पाण्डेय ने भी अपने अपने योगदान से अवगत कराया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए सात सहयोगियों को नेशनल प्रेसिडेंट एवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा फार्मा क्षेत्र के उद्यमी दीपक मनचंदा ने एथिकल बिजनेस पर जोर दिया।