◆ अजय शुक्ला हत्याकांड के बाद उठाया आत्मघाती कदम, पत्नी पहले ही जा चुकी है जेल
जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियरा गांव में 20 अगस्त को हुए अजय शुक्ला हत्याकांड के आरोपित उसके बड़े भाई राजेश शुक्ला (45) ने जौनपुर के भंडारी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव की पहचान आधार कार्ड के जरिए की। आधार कार्ड पर गुजरात के सूरत जिले के नरगिस गांव, थाना बेतिया का पता दर्ज था। पता गुजराती भाषा में होने के कारण पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए मृतक के स्वजन की जानकारी जुटाई और घटना की सूचना दी।
मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियरा गांव निवासी करीब 45 वर्षीय अजय शुक्ला की 20 अगस्त की रात उसके अर्धनिर्मित मकान में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच करते हुए हत्याकांड का राजफाश करने का दावा किया था। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति के लालच में अजय के बड़े भाई राजेश शुक्ला, उसकी पत्नी सोनी शुक्ला और भांजे अनिरुद्ध मिश्रा ने साजिश रची थी। आरोप है कि शराब पिलाने के बाद अजय की हत्या कर दी गई।
मामले में पुलिस ने सोनी शुक्ला और अनिरुद्ध मिश्रा के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, राजेश शुक्ला भी हत्याकांड में आरोपित था। इसी बीच सोमवार को उसकी ट्रेन से कटकर मौत की सूचना से सनसनी फैल गई।
पिता की मौत, मां जेल में, नाबालिग बच्चों पर संकट
बताया जाता है कि राजेश की एक पुत्री है, जिसकी शादी चित्रकूट में हो चुकी है। उसके दो अन्य पुत्र अभी नाबालिग हैं। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद दोनों बच्चों के सामने परिवार का सहारा छिन गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संपत्ति के लालच में हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे परिवार को बिखेर कर रख दिया है।