Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर डीएम ने हंसिया से काटा गेहूं, क्रॉप कटिंग से परखी उपज

डीएम ने हंसिया से काटा गेहूं, क्रॉप कटिंग से परखी उपज

0

अम्बेडकर नगर। रबी सीजन में गेहूं की पैदावार का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शुक्रवार को खुद खेत में उतरकर हंसिया से गेहूं की कटाई की। तहसील क्षेत्र के राजस्व ग्राम चांदपुर भटपुरा में क्रॉप कटिंग के जरिए उत्पादन का परीक्षण किया गया।

क्रॉप कटिंग प्रक्रिया सीसीई एग्री/जीसीईएस ऐप के माध्यम से कराई गई। इस दौरान ऑनलाइन चयनित गाटा संख्या 708, किसान पलटू पुत्र अलगू के खेत में 10 मीटर भुजा वाले समबाहु त्रिभुज क्षेत्र में गेहूं की फसल की कटाई व मड़ाई कराई गई। निर्धारित 43.30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से 20.210 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 46.6 कुंतल आंकी गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपज के सही आंकड़े शासन को समय से भेजे जाएं। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से क्षेत्र में बोई जाने वाली प्रमुख फसलों, गेहूं की विभिन्न किस्मों और उत्पादन क्षमता के बारे में भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग के माध्यम से ही किसी क्षेत्र की औसत पैदावार का आकलन किया जाता है। इसी आधार पर जनपद के कृषि उत्पादन के आंकड़े तैयार कर शासन को भेजे जाते हैं और फसल बीमा के तहत किसानों को मुआवजा भी निर्धारित किया जाता है।

इस मौके पर तहसीलदार अकबरपुर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version