अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध गोविंद साहब मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। डीएम ने सबसे पहले श्रद्धालुओं के स्नान स्थल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था देखी तथा इन अस्थाई चेंजिंग रूम में मोटे और काले कपड़े के उपयोग के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मेला परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी मॉनिटरिंग प्रणाली का अवलोकन कर सभी कैमरों की कार्यक्षमता जांची। अधिकारियों को पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एलईडी, विद्युत एवं निर्माण संबंधी आकस्मिक जरूरतों के लिए लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के जेई की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं और प्राथमिक उपचार व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने खोया–पाया केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा–निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने और रास्ता अवरुद्ध न करने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही, सभी दुकानों पर डस्टबिन रखने और मेला परिसर में साफ–सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।