अंबेडकर नगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने दीप प्रज्वलित कर तथा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
आरम्भ फाउंडेशन के संयोजन में आयोजित शिविर में 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव, डॉ. संजय वर्मा समेत अन्य अधिकारी व चिकित्सक मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त जिला चिकित्सालय के रक्त केंद्र में वर्तमान में 53 यूनिट रक्त उपलब्ध है। इसका उपयोग गंभीर रोगियों तथा जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के उपचार व जीवनरक्षा में किया जाएगा।