अंबेडकर नगर। साइबर क्राइम पुलिस थाना अंबेडकरनगर ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक कपड़ा व्यापारी को 7 लाख 88 हजार 998 रुपये की पूरी धनराशि वापस दिला दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित ने राहत की सांस ली है।
साइबर क्राइम पुलिस थाना द्वारा लगातार साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता जयप्रकाश वर्मा पुत्र रामचंद्र, निवासी ग्राम सेमरी, थाना महरुआ, जो पेशे से कपड़ा व्यवसायी हैं, ने पुलिस को बताया कि अज्ञात साइबर ठगों द्वारा उनके बैंक खाते से बिना उनकी जानकारी के 7,88,998 रुपये निकाल लिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बेनेफिशियरी खाते में धनराशि को होल्ड कराया और विधिक प्रक्रिया पूर्ण कराई। त्वरित प्रयासों का परिणाम यह रहा कि ठगी की पूरी धनराशि 7,88,998 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि खाते से धोखाधड़ी के माध्यम से पैसा निकल जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें अथवा साइबर क्राइम डॉट जी ओ वी डाट इन पर शिकायत दर्ज कर शिकायत संख्या के साथ अपने नजदीकी थाने से संपर्क करें।